गढ़चिरौली के बाद बस्तर में भी नक्सलियों ने डाले हथियार, उत्तर बस्तर कांकेर क्षेत्र के 50 से अधिक हार्डकोर माओवादियों के सरेंडर किए जाने की खबर…

कांकेर। छत्तीसगढ़ प्रदेश में इस वक्त की बड़ी खबर उत्तर बस्तर कांकेर से आ रही है। जहां गढ़चिरौली की तरह अब बस्तर में भी नक्सलियों के आत्मसमर्पण की खबर निकल रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर बस्तर डिवीजन प्रभारी राजमन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नक्सलियों ने सरकार और सुरक्षा बलों से संपर्क साधा है। बताया जा रहा है कि कांकेर जिले के अंदरूनी थानों से करीब 50 नक्सली आत्मसमर्पण के लिए आगे आए हैं। इनमें किसकोड़ो एरिया कमेटी सचिव और DVCM राजू सलाम सहित कई नक्सली शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज और एसपी इंद्रा कल्याण एलेसेले व्यक्तिगत रूप से नक्सलियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। आत्मसमर्पण की प्रक्रिया फिलहाल प्रारंभिक चरण में है, और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। रावघाट एरिया कमेटी के सरगना राजू और मीना सहित कई नक्सली बीएसएफ कैम्प काँमटेडा पहुंच चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि यह आत्मसमर्पण बस्तर क्षेत्र के लिए बड़ा मोड़ साबित हो सकता है, क्योंकि अब अबुझमाड़ नक्सल मुक्त होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।