
सुकमा। दक्षिण बस्तर के सुकमा जिले में धुर नक्सल क्षेत्र पालागुड़ा जंगल में सीआरपीएफ की 150वीं बटालियन को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पालागुड़ा कैंप से दक्षिण दिशा में स्थित जंगल क्षेत्र में नक्सलियों के ठिकाने और हथियार डंप की पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सीआरपीएफ द्वारा विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जिसमें बड़ी मात्रा में नक्सलियों के छिपाए गए डंप को जवानों ने बरामद किया। यह ऑपरेशन सीआरपीएफ 150 बटालियन के कमांडेंट राकेश चंद्र शुक्ला के मार्गदर्शन में सहायक कमांडेंट रौशन कुमार झा एवं अजय कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया।
सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में नक्सलियों के दो छिपे हुए हाइडआउट का पता लगाया। इन डंपों से हथियार, विस्फोटक सामग्री और हथियार निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने तीन सिंगल शॉट राइफल, कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, बीजीएल बैरल, स्टैंड व प्लेट, बुलेट हेड समेत अन्य घातक सामग्री जब्त की। इसके अलावा वेल्डिंग मशीन, लेथ मशीन, ड्रिल बिट, ग्राइंडिंग व्हील, मोटर, नट-बोल्ट, वेल्डिंग रॉड, लोहे की रॉड, पाइप, इंजन ऑयल जैसे उपकरणों के साथ नक्सली साहित्य, काली वर्दी, कपड़े के बंडल, वायर, ग्रीस और प्लास्टिक ड्रम भी बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह डंप नक्सलियों द्वारा हथियार निर्माण, मरम्मत और विस्फोटक तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। समय रहते इस डंप का खुलासा होने से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है और उनके नेटवर्क को करारा झटका लगा है। फिलहाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।