BASTARCRPFDantewada

231 बटालियन सीआरपीएफ में हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित।

 

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर 231 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन 231 बटालियन मुख्यालय जावंगा, गीदम, जिला दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) में किया गया। समारोह की शुरुआत सुनील भवर, कमाण्डेंट 231 बटालियन द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।अपने संबोधन के पश्चात कमाण्डेंट श्री सुनील भवर ने भारत सरकार द्वारा इस वर्ष केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के लिए घोषित पदक विजेता अधिकारियों एवं जवानों के नामों की घोषणा की, जिसे उपस्थित जवानों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। इसके बाद सभी जवानों को मिठाई वितरित की गई।

बल की परंपराओं के अनुरूप, राजपत्रित अधिकारी मैस में दोपहर भोज का आयोजन किया गया, जिसमें वाहिनी में पदस्थ सभी अधीनस्थ अधिकारियों को आमंत्रित किया गया। सायंकाल वाहिनी प्रांगण में रस्साकस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित जवानों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सौरव रॉय, द्वितीय कमान अधिकारी, सतीश कुमार मलिक, द्वितीय कमान अधिकारी, डॉ. सुब्रता मण्डल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, संजय कुमार पूनिया, उप कमाण्डेंट सहित वाहिनी के सभी अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।