
दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्र दुधीरास में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 230वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के साथ विश्वास बढ़ाना, जागरूकता फैलाना तथा विकास की मुख्यधारा से जोड़ना रहा। यह कार्यक्रम कमांडेंट अनिल कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन में बी/230 बटालियन कैंप, दुधीरास में आयोजित हुआ। इसमें दुधीरास, मिचवार, कुन्दनपाल, सुकमकोर्था सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट ने कहा कि नक्सली तत्व अपने स्वार्थ के लिए गरीब ग्रामीणों और बच्चों को गुमराह करते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नक्सलियों के बहकावे में न आएं और अपने बच्चों को शिक्षा की ओर अग्रसर करें। साथ ही उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सीआरपीएफ हमेशा ग्रामीणों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी। इस दौरान ग्रामीणों से भी सुरक्षा बलों का सहयोग करने की अपील की गई।
जरूरतमंदों को वितरित की गई सामग्री।
सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को दवाइयां एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित की गईं। इनमें साड़ी, लुंगी, कंबल, बच्चों के लिए स्कूल ड्रेस, तथा खेल सामग्री जैसे क्रिकेट बैट, बॉल, स्टंप, वॉलीबॉल, नेट और फुटबॉल शामिल रहे।
इस अवसर पर उप कमांडेंट राकेश कुमार, सहायक कमांडेंट आशुतोष सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शाहीना एम.सी., निरीक्षक जीडी हिमांशु मलिक सहित बटालियन के अन्य अधिकारी व जवान मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही।