अबूझमाड़ के सुदूर इलाकों में आईटीबीपी का सिविक एक्शन कार्यक्रम, 590 ग्रामीणों को मिला लाभ।

नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में 29वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट दुष्यन्त राज कुमार के निर्देशन में नारायणपुर जिले सुदूर क्षेत्रों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में दिवालूर, गुंडेकोट, कुमाम और बोटेर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कुल 590 ग्रामीणों को इस पहल का लाभ मिला, जिनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद स्थानीय युवाओं ने पारंपरिक आदिवासी लोकनृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग बिखेरे। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल विकास से जोड़ना था, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करना रहा।
इस दौरान निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही नशा मुक्ति और जनजागरूकता से संबंधित जानकारी भी दी गई। जरूरतमंदों को दैनिक उपयोग की सामग्री, खेल सामग्री, कृषि उपकरण, मच्छरदानी, साड़ी, लुंगी और गर्म-ठंडे पानी के कंटेनर भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में एकता और भाईचारे का संदेश देते हुए स्कूली बच्चों और जवानों ने मिलकर राष्ट्रगान गाया, जो सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच मजबूत रिश्ते का प्रतीक बना।
कार्यक्रम का समापन जलपान और भोजन वितरण के साथ हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विकास और विश्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। यह सिविक एक्शन कार्यक्रम दूरस्थ और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में समावेशी विकास और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास मजबूत करने का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।