BijapurCRPF

शौर्य और बलिदान की गाथा: 199वीं वाहिनी CRPF ने मनाया ‘शौर्य दिवस’।

 

बीजापुर। 9 अप्रैल 2026 को 199 वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) पातुरपारा द्वारा ‘शौर्य दिवस’ का आयोजन पूरे उत्साह, जोश और गरिमा के साथ किया गया। यह आयोजन सरदार पोस्ट के ऐतिहासिक युद्ध की स्मृति में संपन्न हुआ, जिसने बल के अदम्य साहस और वीरता की मिसाल कायम की थी। कार्यक्रम में उप-महानिरीक्षक (DIG) बीजापुर रेंज बी.एस. नेगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कमांडेंट  आनंद मलिक, सहायक कमांडेंट अशोक कुमार, एडजुटेंट  ईश्वर चंद्र शर्मा एवं सहायक कमांडेंट जुगल किशोर माहापात्रा सहित वाहिनी के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान जवानों ने ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रस्तुत कर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। मुख्य अतिथि श्री नेगी ने अपने संबोधन में शौर्य दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 9 अप्रैल 1965 को कच्छ के रण स्थित सरदार पोस्ट पर सीआरपीएफ की एक छोटी टुकड़ी ने पाकिस्तानी सेना की पूरी इन्फैंट्री ब्रिगेड के हमले को विफल कर अद्वितीय साहस का परिचय दिया था। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए अनुशासन एवं ऑपरेशनल तत्परता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के तहत एक ‘सैनिक सम्मेलन’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि ने जवानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। सायंकाल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया, जिससे जवानों के बीच आपसी भाईचारा और मनोबल को नई ऊर्जा मिली। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें 199वीं वाहिनी के सभी कार्मिकों ने भाग लिया।