दुर्घटना में मृत रसोईया सुकड़ी के परिजनों को बीजापुर के साथियों ने दी सहायता राशि।

सरकार से परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग।
दंतेवाड़ा। छतीसगढ़ प्रदेश में रसोईया संघ के द्वारा तीन सूत्रीय मांगों को लेकर बीते तेईस दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। संघ द्वारा सरकार से अपनी जायज मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की जा रही है। समूचे प्रदेश में जगह जगह रसोईया संघ द्वारा मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। रसोईया संगठन के द्वारा लगातार 23 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। इसी बीच चौदह सितंबर को दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में धरना में शामिल रसोईया सुकड़ी पोडियाम की रेल दुर्घटना में दुःखद मौत हो जाती है। इस घटना से रसोइया संघ दंतेवाड़ा स्तब्ध हो गया था। सुकड़ी पोडियाम की मौत के बाद आंदोलन थमने की बजाय और भी तेजी से जारी है। आन्दोलन में मृत रसोइया की बेटी ममता पोडियाम भी शामिल हो गई है। 8 साल की इस बेटी में लिए रसोइया संघ ने मृत रसोइया की मौत पर शासन प्रशासन से 5 लाख रुपये की मुआवजा राशि की मांग की है। लेकिन न ही प्रशासन और न ही शासन ने कोई कार्यवाही की है।
इसी तारतम्य में बीजापुर जिले के रसोइया संघ के सदस्यों ने मृतका के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दस हजार पांच सौ रुपये तीस रुपये की राशि सहयोग स्वरूप इक्कठा कर दी है। बीजापुर जिले की समस्त रसोइया सदस्यों ने धन राशि का सहयोग किया है ताकी बच्ची का भविष्य बेहतर हो सके। इसके अलावा समस्त रसोईया संघ के सदस्यों द्वारा पुनः मृतका के परिजनों को मुआवजा राशि समेत तीन सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है।