CG School Reopen: फिर गुलजार होंगे स्कूल, कल से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र 2026–27

रायपुर।: ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद प्रदेशभर के सरकारी और निजी विद्यालयों में मंगलवार से नया शैक्षणिक सत्र 2026–27 शुरू होने जा रहा है। लंबे अवकाश के बाद छात्र-छात्राएं एक बार फिर विद्यालय पहुंचेंगे और पढ़ाई की गतिविधियां नियमित रूप से शुरू होंगी।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के सभी विद्यालयों में प्रवेश उत्सव आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि नए सत्र में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया जाए और विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल बनाया जाए।
निर्देशों के अनुसार नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। स्कूल परिसरों की साफ-सफाई, कक्षाओं की सजावट, विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत, पुष्प वर्षा, मिठाई वितरण तथा प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं ताकि बच्चों में विद्यालय के प्रति सकारात्मक वातावरण बन सके।
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों और शिक्षकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। साथ ही नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शासकीय योजनाओं तथा शिक्षा विभाग की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
प्रदेशभर के विद्यालयों में पहले दिन प्रार्थना सभा, परिचय कार्यक्रम और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ नए सत्र की शुरुआत होगी। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़ेगा और नामांकन दर में भी वृद्धि होगी।