
पालनार पंचायत के लेखामपारा गांव में लगाया हेल्थ कैंप।
दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में AM/NS इंडिया, किरंदुल ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के तहत ग्राम पंचायत लेखमपारा-पालनार में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ उठाया। शिविर में कुल 135 ग्रामीण पहुंचे, जिनमें से 115 मरीजों का विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद सभी मरीजों को उनकी आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य शिविर के दौरान बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के लिए 90 पैथोलॉजिकल जांचें भी की गईं। इनमें मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और मलेरिया जांच शामिल रहीं।
शिविर के सफल आयोजन में स्थानीय सरपंच, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) और मितानिनों का विशेष सहयोग रहा। उनके प्रयासों से ग्रामीणों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सकी।
AM/NS इंडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक निशुल्क, गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर इलाज के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। कंपनी भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रखेगी।