CHHATTISGARH

पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने किया ओरछा थाना एवं संवेदनशील सुरक्षा कैंपों का आकस्मिक निरीक्षण,

 

🔷 पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने किया ओरछा थाना एवं संवेदनशील सुरक्षा कैंपों का आकस्मिक निरीक्षण*

🔷 *ई-मालखाना 2.0, थाना व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

🔷 *बैरक निर्माण, जनरेटर, बोरवेल, राशन एवं डीजल स्टॉकिंग सहित मानसून तैयारियों का लिया जायजा*

🔷 *जवानों एवं ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से लकड़ी एवं बांस से निर्मित अस्थायी पुलियों का निरीक्षण कर की सराहना*

आज दिनांक 20 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने थाना ओरछा का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, शस्त्रागार, ई-मालखाना 2.0 की कार्यप्रणाली, मालखाना संधारण, बैरक, सीसीटीएनएस कार्य, साफ-सफाई एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-मालखाना 2.0 के अंतर्गत जब्त संपत्तियों के डिजिटल रिकॉर्ड, बारकोड आधारित प्रबंधन एवं संधारण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए रिकॉर्ड को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही थाना स्टाफ को आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में सतत गश्त एवं प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।

थाना निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा एड़जूम, इद वाया, आदेर, कुड़मेल, जाटलूर, धोबे, डोडीमरका एवं पदमेटा स्थित सुरक्षा कैंपों का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी सुरक्षा कैंपों में बैरक निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति, जनरेटर की उपलब्धता, बोरवेल की स्थिति, राशन एवं डीजल की पर्याप्त स्टॉकिंग तथा मानसून के दृष्टिगत की गई तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। साथ ही कैंपों में उपलब्ध आवश्यक संसाधनों, संचार एवं सुरक्षा उपकरणों तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी प्रकार की परिचालन संबंधी कठिनाई उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने, आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मानसून अवधि में निर्बाध संचालन हेतु अग्रिम तैयारियां पूर्ण रखने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने वर्षा ऋतु में आवागमन सुगम बनाए रखने हेतु सुरक्षा बल के जवानों एवं स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से विभिन्न नदियों एवं नालों पर लकड़ी एवं बांस से निर्मित अस्थायी पुलियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सीमित संसाधनों में तैयार की गई इन पुलियों की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा बल एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, सहभागिता एवं आपसी विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने निर्देश दिए कि मानसून अवधि में इन पुलियों का नियमित निरीक्षण एवं आवश्यकतानुसार मरम्मत कर उनकी सुरक्षा एवं उपयोगिता सुनिश्चित की जाए, जिससे जवानों एवं ग्रामीणों का आवागमन निर्बाध बना रहे।

पुलिस अधीक्षक ने कैंपों में तैनात अधिकारियों एवं जवानों से चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विषम परिस्थितियों में भी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नारायणपुर जिले में शांति, सुरक्षा एवं विकास के वातावरण को बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं तथा सभी सुरक्षा कैंपों को हर परिस्थिति के लिए पूर्णतः तैयार एवं संसाधनयुक्त बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।