BASTARCHHATTISGARHDantewadaPolish

नक्सल मोर्चे पर अदम्य साहस और उत्कृष्ट सेवा के लिए 14 पुलिस अधिकारी सम्मानित।

अमित शाह के सम्मान से दंतेवाड़ा पुलिस का बढ़ा गौरव

दंतेवाड़ा। नक्सल प्रभावित बस्तर में शांति और सुरक्षा की लड़ाई लड़ रहे दंतेवाड़ा पुलिस के अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों को बड़ी पहचान मिली है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा प्रदत्त सम्मान से दंतेवाड़ा पुलिस के 14 अधिकारियों को सम्मानित किया गया। नक्सल उन्मूलन अभियान, आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों को यह सम्मान प्रदान किया गया है। इसी क्रम में दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह (भा.पु.से.) ने आज जिले के सम्मानित पुलिस अधिकारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई।

सम्मानित अधिकारियों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र खुंटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.के. बर्मन, उप पुलिस अधीक्षक श्री राहुल उइके, उप पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुंभकार, रक्षित निरीक्षक श्री सुशील नौटियाल, निरीक्षक श्री मुकेश ताती, निरीक्षक श्री संजय पोटाम, निरीक्षक श्री संतोष हेमला, निरीक्षक श्री चैतराम गुरुपंच, निरीक्षक श्री रामअवतार पटेल, उप निरीक्षक श्री हजारीलाल मौर्य, उप निरीक्षक श्री लोचन पैकरा एवं उप निरीक्षक श्री कोसा कुंजाम शामिल हैं।

नक्सल मोर्चे पर डटे जवानों को सम्मान

दंतेवाड़ा जैसे नक्सल प्रभावित जिले में पुलिस अधिकारियों के सामने चुनौती केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि दुर्गम इलाकों में अभियान, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, जनविश्वास कायम करना और नक्सल प्रभाव को खत्म करने जैसी कई जिम्मेदारियां भी हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला यह सम्मान पुलिस अधिकारियों के लिए विशेष महत्व रखता है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह ने सभी सम्मानित अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक अधिकारी की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी पुलिस टीम की कर्तव्यनिष्ठा, साहस, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा पुलिस आगे भी आमजन की सुरक्षा, शांति और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नक्सल उन्मूलन एवं जनसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ जारी रखेगी।

केंद्रीय गृह मंत्री से मिले सम्मान ने दंतेवाड़ा पुलिस के इन अधिकारियों के हौसले को नई उड़ान दी है। बस्तर में शांति की मुहिम में जुटे पुलिस बल के लिए यह सम्मान न सिर्फ गौरव का विषय है, बल्कि आने वाली चुनौतियों के बीच और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी है।