कांकेर में भालू का खूनी हमला, भाई-बहन की मौत, एक ग्रामीण गंभीर।

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मरकाटोला गांव में बुधवार को भालू के हमले में सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मरकाटोला गांव के जंगल के पास भालू के एक शावक की मौत हो गई थी। शावक की मौत की खबर मिलने के बाद कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद भालू अचानक आक्रामक हो गया और ग्रामीणों पर हमला कर दिया। भालू के अचानक किए गए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में सगे भाई-बहन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग ने आसपास के जंगल और गांव से लगे इलाकों में भालू की तलाश शुरू कर दी है। टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है, ताकि भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी दूसरी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
दर्दनाक घटना के बाद मरकाटोला गांव समेत आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे फिलहाल जंगल और जंगल से लगे इलाकों में अकेले न जाएं। बच्चों और मवेशियों को भी सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे इलाके में निगरानी जारी है। वहीं, इस घटना ने गांव में मातम और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।