CHHATTISGARH

सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर सागौन तस्करी : वन विभाग और पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मंसूबों पर फेरा पानी, 3 गिरफ्तार

मैनपुर। सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व से सागौन की अवैध तस्करी का एक अनूठा मामला सामने आया है। तस्करों ने नदी के बहाव और लकड़ी की बेड़ी बनाकर सागौन को पड़ोसी राज्य ओडिशा भेजने की योजना बनाई थी, जिसे वन विभाग की सतर्कता और स्मार्ट सर्विलांस ने समय रहते फेल कर दिया।

इस अंतरराज्यीय तस्करी के खुलासे के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है। मामले की शुरुआत 22 अगस्त को हुई, जब उत्तर उदंती परिक्षेत्र के कुर्रुभाटा बीट (कक्ष क्रमांक-03) में नियमित गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को उदंती नदी के किनारे सागौन के एक पेड़ का ताजा कटा हुआ ठूंठ मिला। मौके पर सागौन का एक भारी लट्ठा अर्जुन के पेड़ की जड़ों से रस्सी के सहारे बंधा हुआ पाया गया।

पैरी नदी के बहाव में बहाकर ओडिशा भेजने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
घटना की संवेदनशीलता को भांपते हुए वन अधिकारियों ने तुरंत स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम को सक्रिय किया और इलाके में कड़ी निगरानी शुरू कर दी। 26 अगस्त को निगरानी के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को सागौन के लड्डे के आसपास संदिग्ध हरकतें करते हुए देखा गया। तकनीकी सर्विलांस और मैदानी जांच के आधार पर उनकी पहचान बरगांव मैनपुर निवासी भोजलाल नागेश और गंगाराम विश्वकर्मा के रूप में हुई। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी कटे हुए सागौन के लट्ठों को अस्थायी बेड़ी के रूप में बांधकर और नदी के तेज बहाव के सहारे ओडिशा खपाने की फिराक में थे।

ओडिशा तक फैला था नेटवर्क मुख्य आरोपी गिरफ्तार
छानबीन का दायरा बढ़ाने पर इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में ओडिशा निवासी शोभाचंद्र नायक की संलिप्तता सामने आई। गरियाबंद पुलिस के सहयोग से उसे भी धर दबोचा गया। विभाग के अनुसार, शोभाचंद्र पहले भी वन अपराध के मामलों में वांछित रहा है। मुख्य आरोपियों की निशानदेही पर भोजलाल नागेश के घर से हाथ आरे और चिरान की गई साल की लकड़ी के साथ नदी में छिपाए गए सागौन के लट्ठे भी बरामद किए गए। दूसरे आरोपी गंगाराम से जुड़े मामले में करीब 0.95 घनमीटर सागौन का लट्ठा जब्त किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गरियाबंद के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।