Bhakti

80 वर्षों की अटूट आस्था: गीदम में सर्वसमाज को एकता के सूत्र में पिरोता सार्वजनिक गणेशोत्सव।

दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी व गुमड़ा स्वामी जी की उपस्थिति में हुआ भव्य शुभारंभ।

गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनूठी मिसाल: 15 वर्षों से साजिद खान संभाल रहे सांस्कृतिक कमान।

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के गीदम नगर की गौरवशाली और एतिहासिक परंपरा को सहेजते हुए सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति, गीदम द्वारा इस वर्ष भी 80 साल पुराने गणेशोत्सव को अभूतपूर्व उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक द्वारा प्रारंभ किए गए ‘सामाजिक एकजुटता और समरसता’ के मूल उद्देश्य को साकार करते हुए समिति पूरे तन, मन और धन से पूरे नगर को एक ही सूत्र में पिरोने का पावन कार्य कर रही है।

विधायक चैतराम अटामी व गुमड़ा स्वामी जी की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ

गणेशोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित स्थापना कार्यक्रम में दंतेवाड़ा विधायक माननीय श्री चैतराम अटामी जी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उनके साथ ही गुमड़ा के पूज्य स्वामी जी की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। प्रथम दिन ब्राह्मण समाज के प्रबुद्धजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया और विघ्नहर्ता से समस्त नगरवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई।

सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की मिसाल

गीदम का यह गणेशोत्सव आपसी भाईचारे का ऐसा सुंदर उदाहरण है जहाँ धर्म की सीमाएं समाप्त हो जाती हैं। पिछले 15 से अधिक वर्षों से साजिद भारती (खान भैया) मुस्लिम समाज से होने के बावजूद सांस्कृतिक प्रमुख के रूप में पूरी निष्ठा से इस मंच का संचालन कर रहे हैं। उनके साथ ही शेख नसीम (नसू चाचा) सहित सभी धर्मों व वर्गों के लोग कंधे से कंधा मिलाकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।

11 दिनों तक चलेगा सर्वसमाज का समागम

समिति द्वारा गणेशोत्सव के दौरान नगर के प्रत्येक समाज को गणेश मंडप में आमंत्रित कर सम्मानित करने की परंपरा निभाई जा रही है। इसी क्रम में दिगंबर जैन समाज को आमंत्रित कर महाआरती संपन्न कराई गई। आने वाले दिनों में क्षत्रिय समाज, साहू समाज, बंगाली समाज, आदिवासी समाज सहित नगर के सभी प्रमुख समाजों और संस्थाओं को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

सायं 7 बजे से गूंजेंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

गणेश पूजन के साथ-साथ सार्वजनिक कला मंच (पुराना बाजार पारा, गणेश मंडप के पीछे) पर प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम सारणी:

19/09/2026 (शनिवार): स्वर धारा मानस परिवार, पेंटा (भजन मंडली – खुला मंच, डांस एवं गायन)

20/09/2026 (रविवार): आस्था गुरुकुल, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, माधवपारा स्कूल एवं पोटा केबिन कारली

21/09/2026 (सोमवार): संगीत महाविद्यालय, जावंगा (गीदम)

22/09/2026 (मंगलवार): दंतेश्वरी म्यूजिकल ग्रुप, गीदम

23/09/2026 (बुधवार): सांस्कृतिक क्लब, गीदम (एवं भव्य पुरस्कार वितरण)

सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति ने समस्त गीदम नगरवासियों, व्यापारी बंधुओं और आसपास के ग्रामीण अंचल के धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस धार्मिक-सांस्कृतिक महायज्ञ को सफल बनाने की अपील की है।