कोंडागाँवविधानसभा चुनाव

बिहान समूह की महिलाएं कर रही मतदाताओं को जागरूक।

मेहंदी, रंगोली एवं दीवार लेखन द्वारा घर-घर दिया जा रहा मतदान संदेश

संतोष मरकाम कोंडागांव। प्रदेश में आगामी विधान सभा चुनाव को देखते हुए कोंडागांव जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक सोनी एवं जिले के सामान्य प्रेक्षकों एसडी मांढरे एवं बालाजी दिगंबर मंजुले के मार्गदर्शन में जिले में विगत निर्वाचनों में सामान्य से कम प्रतिशत वाले क्षेत्रों को चिन्हांकित कर उनमें मतदाताओं को जागरूक कर शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान अंतर्गत स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही है।

जिसके तहत गुरूवार को बिहान समिति के सदस्यों द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जिसमें उन्होंने रंगोली एवं मेहंदी बनाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने का कार्य किया। दीवार लेखन के तहत अब तक बिहान समूह की महिलाओं द्वारा जिले के 328 ग्रामों में 3499 दीवार लेखन का कार्य किया गया है। जिसके तहत केशकाल विकासखण्ड के 67 ग्रामों में 715, कोण्डागांव विकासखण्ड के 64 ग्रामों में 680, फरसगांव विकासखण्ड के 67 ग्रामों में 715, माकड़ी विकासखण्ड के 66 ग्रामों में 635 एवं बड़ेराजपुर विकासखण्ड के 64 ग्रामों में 754 दीवार लेखन का कार्य किया गया है।