CHHATTISGARHदंतेवाड़ा

विकसित भारत संकल्प यात्रा में सभी विभाग हितग्राहियों को लाभ दिलाएं-सीईओ

दन्तेवाड़ा में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक संपन्न।

केन्द्र सरकार की योजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने पर दिया जोर।

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। सीईओ ने बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान विभागों द्वारा दिए जा रहे सुविधाओं, कार्यों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी विभाग द्वारा योजना के अंतर्गत जितना लाभ प्रत्येक नागरिक को दिया जा सकता है, वो सब उन्हें प्रदान करें। इसके लिए किसी गांव में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के पूर्व आवश्यक तैयारियां जैसे किसी योजना का प्रारंभिक कार्य आवेदन भरना या टीबी, कुष्ठ, एनीमिया बीमारियों का प्रारंभिक परीक्षण आदि को पूर्ण कर सकते हैं और उस गांव के यात्रा दिवस में हितग्राही को सुविधा, दवा, इलाज, आयुष्मान कार्ड निर्माण, आधार नया कार्ड और आधार अपडेशन आदि प्रदान करें। सीईओ ने कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाओं को प्राथमिकता देकर कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से पीएम विश्वकर्मा योजना के संबंध में जानकारी ली और जिले के सभी अधिकारियों को लक्ष्य निर्धारित कर पूरा करने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही सभी राजस्व अधिकारियों को कहा कि जिले में राजस्व कार्य-सीमांकन, बटांकन, नामांतरण आदि निरंतर करते रहें।


बैठक के अंत में जिला पंचायत सीईओ ने सभी अधिकारियों को जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजनाएं आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर जल योजना, जन धन योजना, सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, अटल पेंशन योजना जैसी शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कार्यक्रम में योजनाओं के सफल लाभार्थियों द्वारा अनुभव साझा करने पर उन्हें पोर्टल में जानकारी अपलोड कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजय कन्नौजे, एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित विभाग अधिकारी उपस्थित थे।