CHHATTISGARHदंतेवाड़ा

दंतेवाड़ा में “युवोदय” का हुआ शुभारंभ, सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करने युवा करेंगें सहयोग।

यूनिसेफ, आईआईटी भिलाई और जिला प्रशासन के मध्य हुआ करार।

युवा प्रशासन एवं ग्रामीणों के मध्य बनेंगे सेतु- कलेक्टर

 संवाद एक्सप्रेस दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले की युवा शक्ति में क्षमता वर्धन, नेतृत्व क्षमता और बहुमुखी कौशल विकास को प्रोत्साहन एवं सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आज जिला प्रशासन एवं ’’यूनिसेफ के संयुक्त तत्वाधान में ’’युवोदय’’ कार्यक्रम का शुभारंभ एजुकेशन सिटी जावंगा ऑडिटोरियम में किया गया। ज्ञात हो कि जिले के अधिकांश क्षेत्र का संवेदनशील होना यहां के विकास एवं युवाओं के भविष्य के लिए बाधक बना हुआ है। सही मार्गदर्शन न होने के कारण क्षेत्रीय युवा विकास की मुख्य धारा से नहीं जुड़ पाये है। जबकि यहां की युवा शक्ति अपार कौशल परिपूर्ण और क्षमतावान हैं। आजीविका चलाना और परिवार का भरण पोषण यहां की सबसे बड़ी चुनौती में से एक है फलस्वरूप यहां के युवा अपने परिवार को कठिन परिस्थितियों में छोड़कर बड़े शहरों में पलायन करते है या फिर गलत मार्ग का अनुसरण करने में विवश होते है। इनको उचित मार्गदर्शन देने के लिए एक मंच की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अतः इन सभी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ के संयुक्त सहयोग में युवोदय कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय समुदाय में युवाओं को सकारात्मक भूमिका को बढ़ाना शासन एवं नागरिकों के बीच के दूरी को कम करने के अलावा उन्हें सकारात्मक कार्यों के लिए प्रोत्साहित करना हैं।

स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, बाल स्वास्थ्य एवं पोषण पर युवोदय स्वयंसेवक करेंगे सहयोग
आईआईटी भिलाई से जिला प्रशासन का हुआ ईएमओयू

युवोदय वालंटियर का मुख्य कार्य क्षेत्र स्वास्थ्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, बाल स्वास्थ्य एवं पोषण पर आधारित होगा। युवोदय के माध्यम से हर गांव में सशक्त युवाओं का कैडर बनाया जाएगा। जो जिला प्रशासन एवं फ्रंट लाईन वर्कस का सहयोग करते हुए बेहतर शिक्षा स्वास्थ्य पोषण के लिए समुदाय के मध्य जागरूकता पैदा करेंगे इसके अलावा उनके कार्य क्षेत्र में शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ-साथ लाभार्थियों को उससे लाभ लेने की प्रक्रियाओ से भी अवगत कराना भी रहेगा। हालांकि इन सभी कार्यों के लिए स्वयं सेवकों किसी भी प्रकार का पारिश्रमिक नहीं दिया जाएगा परन्तु उनमें स्किल डेवलपमेंट को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए सूचना और प्रौद्योगिकी में अग्रणी संस्थान आई आई टी भिलाई से जिला प्रशासन का ईएमओयू भी किया गया। जो अपनी उच्च सूचना और संचार तकनीक की मदद से दूरस्थ क्षेत्रों के रहवासियों के बीच स्वयंसेवकों की पहुंच को आसान बनायेगी। इसके अलावा आईआईटी भिलाई वालंटियर को ऐप भी उपलब्ध कराएगी ताकि हितग्राहियों को ट्रैक करने में सुविधा होगी।


समुदाय के समग्र विकास में योगदान देने के इच्छुक युवाओं के लिए सार्थक मंच बनेगा युवोदय
उक्त कार्यक्रम मे उपस्थित कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने अपने संबोधन मे कहा कि समाज की बेहतरी के लिए कार्य करने वाले उत्साही और ऊर्जावान युवाओं के लिए युवोदय एक अच्छा मंच साबित होगा। क्योंकि युवोदय कार्यक्रम राज्य के जिन 10 जिलों मे चलाया जा रहा है और वहां शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। क्योंकि युवोदय कार्यकर्ता समाज के अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचा रहे है। अतः युवोदय स्वयं सेवकों का यह दायित्व है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जहां-जहां छोटी बड़ी खामियां है उससे प्रशासन को अवगत कराकर उसका समाधान करने में योगदान देवें। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि पुरानी मानसिकता को हटाने और बदलाव की नयी लहर को लाने में युवोदय स्वयंसेवक कामयाब होगें। युवोदय के मिशन के केन्द्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवाओं की शक्ति में विश्वास है और वे समुदाय के भीतर परिवर्तन के एजेंट है।
इस मौके पर राज्य के यूनिसेफ प्रमुख श्री जॉब जकारिया ने कहा कि यूनिसेफ द्वारा राज्य के 10 जिलों में युवोदय कार्यक्रम चलाया जा रहा है और यह बहुत खुशी की बात है कि दंतेवाड़ा जिले में भी इस कार्यक्रम की नीव रखी जा रही हैं। इस प्रकार राज्य में 1 लाख युवा इस नेटवर्क में शामिल हो गये है किसी भी परिवार में सबसे प्रभावशाली सदस्य युवा ही होते है। युवा शक्ति में सकारात्मक निवेश करना ही भविष्य बदलाव लाता है। युनिसेफ के माध्यम से युवाओं में टीमवर्क को बढ़ावा व्यक्तित्व और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी को प्राथमिकता दी जाती है और हमें उम्मीद के अनुरूप प्रतिसाद मिल रहा है। युवोदय युवा जुड़ाव की परिवर्तनकारी क्षमता का उदाहरण है दंतेवाड़ा अपने नवाचारों के लिए जाना जाता है युवोदय जिले में अगला नवाचार है। बस्तर, बीजापुर में युवोदय की शाखाओं सहित अब दंतेवाड़ा भी शामिल हो गया है।
आई आई टी भिलाई से संबंधित सुधीर चक्रदेव ने भी क्षेत्रीय युवाओं के सीखने की ललक जिज्ञासों की समाधान और सही चैनल उपलब्ध कराने के लिए आई आई टी भिलाई अपनी तकनीक से और प्रभावी बनाएगा। पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने इस दौरान कहा कि चरमपंथी तत्व युवाओं का ब्रेन वॉश करके ही अपने मंसूबे में सफल होते रहे है। परन्तु युवोदय से जुड़ने के बाद हर युवा में सिर्फ विकास के रास्ते पर ही चलेगा। अंततः सामाजिक व्यवहार में परिवर्तन ही क्षेत्र में शांति एवं खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करेगी। कार्यक्रम में युनिसेफ से श्रीमती नियति राज ने भी युनिसेफ के माध्यम से युवोदय की गतिविधियों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में युवोदय शपथ ली गई साथ ही नये युवोदय गीत को लॉन्च किया गया। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्व रजंन, एसडीएम जयंत नाहटा, प्रोफेसर आई आई टी भिलाई डा. मुरूगन, युनिसेफ से विशाल वासवानी, बाल प्रकाश, श्रुति प्रसाद, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, संयुक्त कलेक्टर हिमाचंल साहू, जिला समन्वयक अंकिता, विनोद साहू, सहित युवोदय वालंटियर उपस्थित थे।