दंतेवाड़ा में एक ईनामी सहित 2 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण।

लोन वर्राटू के तहत मलांगिर एरिया कमेटी के नक्सलियों ने एसपी के समक्ष किया सरेंडर।
संवाद एक्सप्रेस दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में नक्सलियों को मुख्यधारा में वापस लाने चलाये जा रहे लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान का एक बार फिर व्यापक असर हुआ है। अभियान से प्रभावित होकर एक लाख के ईनामी नक्सली सहित 02 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पित माओवादी मलांगीर एरिया कमेटी में सक्रिय थे दोनों ही माओवादी नक्सली बंद के दौरान रोड खोदना, नक्सली बैनर, पोस्टर लगाने मे शामिल थे
गौरतलब है कि जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ के द्वारा भटके हुए माओवादियों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए लगातार संपर्क एवं संवाद किया जा रहा है साथ ही प्रशासन की नक्सल पुनर्वास नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार गॉव-गॉव तक किया जा रहा है जिसके परिणाम स्वरूप यह बदलाव माओवादी कैडर में दिखाई दे रहा है और बड़ी संख्या में माओवादी कैडर का आत्मसमर्पण देखने को मिल रहा है। हिंसा से तंग आकर नक्सलवाद की ओर भटके युवा अब समाज के मुख्यधारा में जुड़ रहे है।
नक्सल संगठन में सक्रिय ककाड़ी पंचायत डीएकेएमएस अध्यक्ष उमेश उर्फ भीमा हेमला एक लाख ईनामी, गोण्डेरास पंचायत मिलिशिया प्लाटून सदस्य जोगा मुचाकी ने पुलिस उप महानिरीक्षक दन्तेवाड़ा रेंज श कमलोचन कश्यप, पुलिस उप महानिरीक्षक (परि0) सीआरपीएफ दन्तेवाड़ा रेंज विकास कठेरिया, पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा गौरव राय, कमाण्डेन्ट 111वीं वाहिनी सीआरपीएफ नीरज यादव, कमाण्डेन्ट 231वीं वाहिनी सीआरपीएफ सुनिल भंवर, द्वितीय कमान अधिकारी अश्वनी परमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ रामकुमार बर्मन के समक्ष डीआरजी कार्यालय दन्तेवाड़ा में आत्मसमर्पण किये। उपरोक्त माओवादियों को आत्मसमर्पण कराने में सीआरपीएफ 111वीं वाहिनी, 231वीं वाहिनी, सीएएफ कैंप पोटाली, सीएएफ कैंप नहाड़ी एवं थाना अरनपुर का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा द्वारा आत्मसमर्पित माओवादियों को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुनर्वास योजना के तहत् 25-25 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि एवं पुनर्वास योजना के तहत मिलने वाले सभी प्रकार के लाभ प्रदाय कराया जायेगा। लोन वर्राटू अभियान के तहत् अब तक 181 ईनामी माओवादी सहित कुल 822 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं।