दंतेवाड़ा में आठ लाख के ईनामी नक्सली ने किया आत्म समर्पण।

कम्पनी नंबर 6 का सदस्य सुधरू ने किया सरेंडर।
संवाद एक्सप्रेस दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दन्तेवाड़ा जिले में चलाये जा रहे लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान से प्रभावित होकर 08 लाख ईनामी माओवादी ने किया आत्मसमर्पण। आत्मसमर्पित माओवादी पूर्वी बस्तर डिवीजन के कंपनी नम्बर 06 में सदस्य के पद पर सक्रिय था। उक्त नक्सली 2021 से कंपनी नंबर 06 के सदस्य के रूप में नक्सल संगठन में काम कर रहा था गौरतलब है कि दंतेवाड़ा जिले में पुलिस के अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान तथा छ0ग0 शासन की ‘‘पुनर्वास नीति’’ के तहत जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ के द्वारा भटके हुए माओवादियों को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए लगातार संपर्क एवं संवाद कर शासन की नक्सल पुनर्वास नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार गाँव गाँव तक किया जा रहा है, इसके प्रभाव में लगातार शीर्ष माओवादियों सहित भटके हुए माओवादियों द्वारा आत्मसमर्पण किया जा रहा है। नक्सलवाद की ओर भटके युवा अब समाज के मुख्यधारा में जुड़ रहे हैं. इसी कड़ी 08 लाख ईनामी माओवादी कंपनी नम्बर 06 का सदस्य सुधरू कश्यप निवासी बोदली ने लोन वर्राटू (घर वापस आईये) अभियान के तहत दिनांक 25.12.2024 को पुलिस उप महानिरीक्षक दन्तेवाड़ा रेंज श्री कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा श्री गौरव राय ,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री स्मृतिक राजनाला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा श्री रामकुमार बर्मन के समक्ष डीआरजी कार्यालय दन्तेवाड़ा में आत्मसमर्पण किया। उक्त माओवादी को आत्मसमर्पण कराने में डीआरजी एवं बस्तर फाईटर्स दन्तेवाड़ा का विशेष योगदान रहा। आत्मसमर्पित माओवादी को पुनर्वास नीति के तहत् 25 हजार रूपये की सहायता राशि के साथ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मिलने वाली अन्य सुविधायें मुहैया कराई जाएगी तथा समाज में पुनर्वासित करने हेतु प्रोत्साहन आधारित दृष्टिकोण अपनाते हुये व्यवसायिक प्रशिक्षण और आवास की सुविधायें भी प्रदाय की जाएगी। लोन वर्राटू अभियान के तहत् अब तक 208 ईनामी सहित कुल 888 माओवादी ने आत्मसमर्पण कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं।