नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे जवानों के स्कार्पियो को नक्सलियों ने 50 किलो IED लगाकर उड़ाया,8 जवान सहित 1 ड्राइवर शहीद।

बीजापुर – छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कुटरू थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने एक बार फिर खूनी हमला कर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया। बुधवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच नक्सलियों ने शक्तिशाली बारूदी सुरंग विस्फोट कर दंतेवाड़ा डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवानों से भरे एक स्कार्पियो वाहन को उड़ा दिया। इस भीषण विस्फोट में आठ जवान शहीद हो गए, जबकि वाहन के चालक की भी मौके पर मौत हो गई।

यह हमला कुटरू से करीब 4-5 किलोमीटर दूर अम्बेली नाला के पास हुआ, जहां डीआरजी के जवान एंटी-नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे थे। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि स्कॉर्पियो वाहन के परखच्चे उड़ गए और जमीन में 7-8 फीट गहरा गड्ढा हो गया। वाहन के पुर्जे 500 मीटर दूर तक जा गिरे। यहां तक कि एक जवान का शव पीछे चल रही स्कॉर्पियो वाहन के ऊपर आ गिरा, जिससे वह वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद चारों तरफ मंजर भयावह था। शहीद जवानों के कपड़े पेड़ों पर लटकते मिले, और घटना स्थल पर खून से सनी तस्वीरें हालात की गंभीरता को बयां कर रही थीं। सुरक्षा एजेंसियों का अनुमान है कि इस विस्फोट को अंजाम देने के लिए नक्सलियों ने करीब 40-50 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री का उपयोग किया।
ऑपरेशन के बाद लौट रही थी टीम
बताया जा रहा है कि 3 जनवरी को अबूझमाड़ इलाके में एंटी-नक्सल ऑपरेशन लांच किया गया था। इस ऑपरेशन के दौरान, जवानों ने अब तक 5 नक्सलियों को मार गिराया था। ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने के बाद जवान अबूझमाड़ से बेदरे होते हुए कुटरू और फिर दंतेवाड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर बारूदी सुरंग विस्फोट कर इस घटना को अंजाम दिया।
हमले की प्रकृति
विस्फोट इतना भयानक था कि सुरक्षा बलों को भारी नुकसान हुआ। घटना स्थल पर वाहन के टुकड़ों को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि नक्सलियों ने इस वारदात की योजना बहुत पहले से बनाई थी। इलाके में पहले से ही बारूद बिछाया गया था और जवानों के लौटने का इंतजार किया जा रहा था।
यह हमला नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा चुनौतियों को फिर से उजागर करता है। लगातार प्रयासों और ऑपरेशनों के बावजूद, नक्सली ऐसे हमलों को अंजाम देने में सक्षम हो रहे हैं। इस हमले ने राज्य और सुरक्षा बलों को झकझोर कर रख दिया है।

डीआरजी एवं बस्तर फाइटर्स शहीद जवानों के नाम ….
कोरसा बुधराम – डीआरजी
दुम्मा मड़काम – डीआरजी
बामन सोढ़ी – डीआरजी पण्डरू पोयाम – डीआरजी
हरीश कोर्राम- बस्तर फाईटर्स
सुदर्शन वेटी – बस्तर फाईटर्स
सुभरनाथ यादव -बस्तर फाईटर्स सोमडू वेटटी – बस्तर फाईटर्स