हितावर में पेयजल संकट पर जागे जनप्रतिनिधि, समाधान की ओर बढ़े कदम।

कुएं की मरम्मत और बोरवेल खुदाई के निर्देश, ग्रामीणों में उम्मीद की किरण।
दंतेवाड़ा: दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड के ग्राम पंचायत हितावर के गप्पीपारा में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या अब आखिरकार जनप्रतिनिधियों की संज्ञान में आ गई है। गांव के ग्रामीणों ने हाल ही में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुंडामी को इस गंभीर संकट से अवगत कराया, जिसके बाद उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थल पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुमित भदौरिया तथा ग्राम पंचायत हितावर के उप सरपंच राजीव चौहान भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव का प्रमुख जलस्रोत एक प्राचीन कुआं वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। कुएं की सफाई और मरम्मत न होने के कारण पानी की गुणवत्ता और उपलब्धता दोनों ही प्रभावित हो रही हैं।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुंडामी ने मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर कुएं की शीघ्र मरम्मत कराने तथा बोरवेल खुदाई की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा, “ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।”
युवा मोर्चा नेता सुमित भदौरिया ने भी आश्वासन दिया कि प्रशासनिक और संगठनात्मक स्तर पर हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। वहीं, उप सरपंच राजीव चौहान ने पंचायत की ओर से पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की तत्परता और संवेदनशीलता के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि इस पहल से न केवल गप्पीपारा, बल्कि आसपास के कई गांवों को भी राहत मिलेगी। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि कब तक यह प्रयास धरातल पर मूर्तरूप लेता है।