
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले मे शहीद एएसपी आकाश राव गिरपूंजे की शहादत का बदला लेने के लिए सुरक्षा बलों ने कुकानार थाना क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाया। इस ऑपरेशन में पुलिस और नक्सलियों के बीच ज़बरदस्त मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए हैं।
डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ अब भी जारी बताई जा रही है। शहीद एएसपी गिरपूंजे की शहादत के बाद से पूरे जिले में सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं और लगातार जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
5 लाख का इनामी नक्सली ढेर
मारे गए नक्सलियों में एक की पहचान पेदारास एलओएस कमांडर बमन के रूप में हुई है, जिस पर ₹5 लाख का इनाम घोषित था। साथ ही एक महिला नक्सली भी मुठभेड़ में मारी गई है।
भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद
मुठभेड़ स्थल से एक इंसास राइफल, एक 12 बोर बंदूक, गोलाबारूद, और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। इसके अलावा नक्सली दस्तावेज और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है, जिससे सुरक्षाबलों को महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस साहसिक ऑपरेशन में शामिल जवानों को बधाई दी है और कहा कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। सरकार नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।