
जगदलपुर। “Yoga for One Earth, One Health” की थीम के साथ 80वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन अपने मुख्यालय परिसर, जगदलपुर में भव्य रूप से किया। यह कार्यक्रम केन्द्रीय रिर्जव पुलिस बल रेंज जगदलपुर के उप महानिरीक्षक हरजिंदर सिंह के निर्देशन में एवं 80वीं वाहिनी के कमांडेंट जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रेंज जगदलपुर तथा 80वीं वाहिनी के सभी अधिकारी और जवानों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल जवानों को योग के लाभों से परिचित कराना था, बल्कि उनके माध्यम से समाज में भी योग के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

कमांडेंट जितेन्द्र कुमार ने इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” का तात्पर्य है कि जब हम स्वयं स्वस्थ रहेंगे, तो समाज और पर्यावरण भी उस सकारात्मक ऊर्जा को महसूस करेगा। योग न केवल शरीर और मन को एकरूपता में लाकर शांति प्रदान करता है, बल्कि यह एक ऐसी पद्धति है जो आंतरिक और बाह्य रूप से व्यक्ति को संतुलन प्रदान करती है। उन्होंने आगे कहा कि योग का अभ्यास हजारों वर्षों पुरानी भारतीय परंपरा है, जो आज विज्ञान एवं अनुसंधान की कसौटी पर भी खरा उतरता है। यह शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास का साधन है।
इस अवसर पर रेंज और वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारियों में दिनेश कुमार सिंह, पुरुषोत्तम कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी), डॉ. उत्पल गगोई (मुख्य चिकित्सा अधिकारी), श्री मकसूद आलम, श्री अमरजीत गुप्ता (उप कमांडेंट), श्री ओम कुमार गुप्ता (सहायक कमांडेंट), डॉ. वेंकट विकास (चिकित्सा अधिकारी), श्री विनय कुमार एवं श्री एंटोनी एम. सहित अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

इसके अलावा, वाहिनी के सभी समवाय कैंप जैसे नेतानार, कोलेंगनाला, कोलेंग, चॉदामेटा, भद्रीमउ एवं मसगाँव में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अंतर्गत योग अभ्यास आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस तरह 80वीं वाहिनी द्वारा आयोजित यह योग कार्यक्रम न केवल जवानों के लिए स्वास्थ्यप्रद पहल रहा, बल्कि समाज में योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का सशक्त माध्यम भी बना।