BASTARCHHATTISGARHNarayanpur

धर्मांतरण और मानव तस्करी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद व आदिवासी समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।

नारायणपुर। धर्मांतरण और मानव तस्करी के बढ़ते मामलों को लेकर आज अबूझमाड़िया समाज, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नारायणपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी आपत्ति जताई और त्वरित कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 25 जुलाई, शुक्रवार को दुर्ग रेलवे स्टेशन से नारायणपुर के ओरछा क्षेत्र की तीन आदिवासी लड़कियों को धर्मांतरण और मानव तस्करी के इरादे से आगरा ले जाया जा रहा था, जिसे समय रहते रोका गया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आदिवासी समाज ने कहा कि गांवों में लालच और भ्रम फैलाकर आदिवासी युवतियों का जबरन धर्मांतरण कराया जा रहा है, जो उनकी संस्कृति और परंपरा पर हमला है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि ऐसे मामलों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं है, बल्कि सुनियोजित तरीके से आदिवासी समाज को कमजोर करने की साजिश चल रही है। इस दौरान कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जांच कराने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और आदिवासी समाज के लोग शामिल थे। इस मुद्दे ने जिले में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।