गीदम के हाऊरनार में एनएमडीसी की स्लरी पाइपलाइन के गड्ढे में डूबा 10 साल का मासूम, मौके पर मौत।

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र के हाऊरनार गांव से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एनएमडीसी की स्लरी पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी भरने से एक 10 वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्चे का नाम टिकेश्वर बताया जा रहा है, जो कक्षा चौथी का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, स्कूल से छुट्टी के बाद टिकेश्वर पास के खेत की ओर निकला था। इसी दौरान वह अनजाने में करीब 10 मीटर गहरे गड्ढे में गिर गया, जो पानी से पूरी तरह भरा हुआ था।घटना के समय उसके साथ एक और बच्ची भी मौजूद थी, जो गड्ढे में गिरकर डूबने लगी। राह चलते लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे बाहर निकालकर बचा लिया, लेकिन टिकेश्वर को नहीं बचाया जा सका। गांव वालों का आरोप है कि एनएमडीसी द्वारा खोदे गए इस गड्ढे को बिना किसी सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी बोर्ड के खुला छोड़ दिया गया था, जो इस हादसे का कारण बना।घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।