AmnsBASTARCHHATTISGARHDantewadaSukma

AM/NS इंडिया दंतेवाड़ा और सुकमा के बदलाव में बड़ी भूमिका निभा रही हैं ।

गाँव-गाँव तक पहुँच रही उम्मीद की रोशनी।

 

संवाद एक्सप्रेस दंतेवाड़ा/सुकमा। कभी बीमारी, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझते गाँव अब उम्मीद और विकास की राह पर कदम बढ़ा रहे हैं। दंतेवाड़ा और सुकमा जिले में AM/NS इंडिया की पहल ने ग्रामीण अंचलों में सकारात्मक बदलाव की नई लहर ला दी है। यह बदलाव अब केवल योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि हर चेहरे की मुस्कान और बच्चों की आँखों की चमक में साफ झलक रहा है।

स्वास्थ्य: हर घर तक पहुँचती राहत

“आरोग्य” कार्यक्रम के तहत गाँव-गाँव में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों ने ग्रामीणों को बड़ी राहत दी है। किरंदुल बस्ती, फूलपाड़ और गुमियापाल में मलेरिया, ब्लड शुगर और नेत्र परीक्षण जैसे शिविरों से लोगों को समय रहते इलाज मिला। ग्रामीणों को चश्मे, ज़रूरतमंदों को उपचार और महिलाओं-किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी जानकारी देकर नई दिशा दी गई। वहीं सुकमा में दिव्यांग भाई-बहनों को कृत्रिम अंग और थेरेपी उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ाया गया।

शिक्षा: सपनों को पंख

कंपनी का मानना है कि शिक्षा ही असली विकास की नींव है। माँ भगवती आश्रम के छात्रों को LED TV देकर आधुनिक शिक्षा से जोड़ा गया। बेटियों को छात्रवृत्ति, मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल और बैग प्रदान किए गए। कुच्छारस, परिया और मारोकी गाँवों में नए विद्यालय भवन बने, जिससे बच्चों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का माहौल मिला।

जल: जीवन में सहजता

“तृप्ति योजना” के तहत तमोपारा, गादीरस और कुच्छारस में सोलर आधारित जल प्रणालियाँ स्थापित की गईं। अब 1300 से अधिक ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल मिल रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों की पानी लाने की रोज़मर्रा की कठिनाई कम हो गई है।

आजीविका: आत्मनिर्भरता की राह

ग्रामीणों को सब्ज़ी की खेती, नर्सरी और डिजिटल स्किल सेंटर जैसी पहलों से आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं। खासकर युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा और डिजिटल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।

सड़क, खेल और पर्यावरण: नई ऊर्जा

गाँवों में सीसी रोड, नए मकान, पलनार में जनरेटर और किरंदुल बस्ती के पुनर्निर्मित घर जीवन को और आसान बना रहे हैं। सोलर स्ट्रीट लाइटें और स्वच्छता अभियान गाँवों को रोशन और साफ-सुथरा बना रहे हैं। वहीं खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बच्चों व युवाओं में नई ऊर्जा और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत किया है।

सामाजिक सहयोग की मिसाल

AM/NS इंडिया की ये CSR पहलें केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज के साथ मिलकर समावेशी विकास का प्रतीक हैं। यह दिखाती हैं कि जब उद्योग और समाज साथ चलते हैं, तो सिर्फ़ आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि विश्वास, आत्मनिर्भरता और नई संभावनाओं की कहानी भी लिखी जाती है। दंतेवाड़ा और सुकमा की धरती पर AM/NS इंडिया का यह योगदान “स्मार्टर स्टील्स, ब्राइटर फ्यूचर्स” की सच्ची मिसाल बन गया है