BJPCongressDantewadaFlood

बाढ़ आपदा में प्रभावितों को सरकार की त्वरित मदद, राजनीति की बजाय मदद करें कांग्रेस- नंदलाल मुड़ामी

दंतेवाड़ा। भारी बारिश और नदियों के उफान से दंतेवाड़ा ज़िले में आई आपदा ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। इस बीच प्रदेश सरकार और प्रशासन ने तेजी से कदम उठाते हुए प्रभावित परिवारों को तात्कालिक राहत पहुँचाई। अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग दो करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे पीड़ितों के बैंक खातों में डाली जा चुकी है, जबकि बाकी बचे परिवारों को भी जल्द मुआवज़ा दिया जाएगा।

 

आपदा प्रबंधन कार्यों में प्रशासन लगातार पहले दिन से जुटा हुआ है। प्रभावित इलाकों में खाने-पीने की सामग्री, स्वच्छ पानी और अन्य ज़रूरी चीज़ें पहुँचाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर उपचार और दवा उपलब्ध करा रही हैं। बिजली विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत में दिन-रात लगे हुए हैं। साथ ही, राजस्व अमला घर-घर जाकर नुक़सान का आकलन कर रहा है और जहाँ शिकायतें आई हैं वहाँ दोबारा सर्वे किया जा रहा है।

प्रदेश सरकार में मंत्री एवं प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने तुरंत बाढ़ प्रभावित गाँवों का दौरा कर हालात का जायज़ा लिया और अधिकारियों को जल्द से जल्द राहत पहुँचाने के निर्देश दिए। विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी लगातार प्रभावित परिवारों से मिलकर ज़मीनी स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं प्रशासनिक अधिकारियों से नियमित संवाद कर हर स्तर पर मदद सुनिश्चित कर रहे हैं।

 

इस बीच भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर केवल बयानबाज़ी करने और आपदा की घड़ी में राजनीति करने का आरोप लगाया है। ज़िला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी का कहना है कि जनता की तकलीफ़ को समझने की बजाय विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है, जबकि सरकार और संगठन के लोग हर पल पीड़ितों के साथ मौजूद हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार और प्रशासन की तत्परता से उन्हें भरोसा मिला है और मुश्किल समय में भी यह एहसास हुआ है कि तंत्र उनकी मदद के लिए खड़ा है।