शिक्षक दिवस पर भाजपा का शिक्षक सम्मान समारोह, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा – “गुरु ही भविष्य के निर्माता”

जगदलपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान कर समाज को यह संदेश दिया कि गुरुजनों का योगदान हमेशा अमूल्य और प्रेरणादायी है। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री देव ने कहा –
“शिक्षक ही समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। गुरु का स्थान सदैव सर्वोच्च है और उनका सम्मान करके हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हैं।”

सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने शाल व श्रीफल भेंटकर सेवानिवृत्त शिक्षकों – सुश्री अनिता राज, के.के. द्विवेदी, गौतम आचार्य, हेमन्त पाणिग्रही और कीर्ति राम नाग – का सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान दक्षिण बस्तर के बलिदानी शिक्षा दूतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की गई। साथ ही आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक शांताराम सराफ और पूर्व विधायक संतोष बाफना की माता श्रीमती सोनीबाई बाफना के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
इस समारोह में भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, बैदूराम कश्यप, विद्याशरण तिवारी, योगेन्द्र पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।