ओडिशा में महिला कांग्रेस को मजबूती देने उतरीं तुलिका कर्मा, महिला सुरक्षा मुद्दे पर सरकार को घेरा।

जगदलपुर। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेत्री तुलिका कर्मा ने ओडिशा पहुंचते ही राज्य महिला कांग्रेस की कमान संभाली और पर्यवेक्षक का पदभार ग्रहण किया। दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति तय की और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लाम्बा एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देशों पर पहुंचे तुलिका कर्मा ने प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी बहिनिपति के साथ मिलकर संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में सभी जिलों में महिला कांग्रेस को नई ऊर्जा के साथ खड़ा किया जाएगा और पदाधिकारियों की नियुक्ति जल्द होगी।

कार्यक्रम के तहत तुलिका कर्मा विधानसभा घेराव आंदोलन में भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला सुरक्षा के मोर्चे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। प्रदेश में महिला उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसी घटनाएं चरम पर हैं, लेकिन सरकार मौन है। मीडिया से बातचीत में तुलिका ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “ओडिशा की जनता आज भाजपा की गलत नीतियों से त्रस्त है। यह सरकार उद्योगपतियों के हित साधने में लगी है और जनता को सुनियोजित तरीके से लूट रही है। भाजपा ने ओडिशा की समृद्ध परंपरा और संस्कृति को कमजोर करने का काम किया है।”