BASTARKankerNaxalPolish

कांकेर के छोटे धौंसा कैम्प में 20 से अधिक हथियार बंद नक्सलियों का आत्मसमर्पण।

कांकेर। नक्सल प्रभावित कांकेर जिले के ताड़ोकी थाना क्षेत्र के ग्राम छोटे धौंसा में सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। कुंवेमारी एरिया कमेटी के लगभग 20 से अधिक हथियारबंद नक्सलियों ने आज सामूहिक रूप से आत्मसमर्पण किया है। सूत्रों के अनुसार, यह आत्मसमर्पण एरिया कमेटी लीडर मुकेश के नेतृत्व में हुआ। सभी नक्सली हथियारों से लैस होकर ग्राम छोटे धौंसा पहुंचे और सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। इन नक्सलियों को ताड़ोकी पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतागढ़ ले जाया जा रहा है, जहाँ उनसे औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बताया जा रहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले अधिकांश नक्सली रामधेर की टीम से जुड़े हुए हैं। इससे पहले भी कुछ दिनों पूर्व कामटेडा कैंप में 50 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। लगातार हो रहे इन आत्मसमर्पणों से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि बस्तर में नक्सल संगठन तेजी से कमजोर हो रहे हैं और माओवादी अब मुख्यधारा में लौटने का निर्णय ले रहे हैं। सुरक्षा बलों ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि सरकार की पुनर्वास नीति और विकास कार्यों के प्रभाव से नक्सली अब हिंसा छोड़ शांति का मार्ग अपना रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का लक्ष्य है कि मार्च 2026 तक सम्पूर्ण बस्तर क्षेत्र को नक्सल मुक्त किया जाए, और ताड़ोकी में हुआ यह सामूहिक आत्मसमर्पण उसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।