सरेंडर नक्सली लीडर सोनू दादा उर्फ भूपति ने जारी किया वीडियो, कहा – “मैं गद्दार नहीं, हालात बदल गए हैं” क्या कहा देखिए वीडियो…..

साथियों को हथियार डालने की अपील, संगठन के भीतर वैचारिक संकट गहराने की बात स्वीकार की।
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय इनामी नक्सली मोजुल्ला वेणुगोपाल राव उर्फ भूपति ने एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने कहा है कि उसे संगठन के लोग “गद्दार” कह रहे हैं, लेकिन वह गद्दार नहीं है। भूपति ने बताया कि वर्तमान की परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं, इसलिए उसने अपने करीब 60 साथियों के साथ हथियार डालने का निर्णय लिया है। भूपति ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि संगठन में अब भी कई साथी “इलाका और सत्ता हासिल करने” के लिए बंदूक का रास्ता अपनाए हुए हैं, लेकिन यह रास्ता जनता से दूरी पैदा करता है। उन्होंने कहा “इस रास्ते पर चलकर हम जनता से दूर हुए हैं। यह इस मार्ग की विफलता को दिखाता है। हमने अपने साथियों को खोने के बाद सरेंडर का फैसला लिया है।”
लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच काम करने की इच्छा
भूपति ने कहा कि अब वह जनता के बीच रहकर उनके लिए लोकतांत्रिक तरीकों से काम करना चाहते हैं। उन्होंने अपने वीडियो में कहा — “यह समय बंदूक उठाने का नहीं बल्कि आत्ममंथन का है। जनता की लड़ाई अब जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से लड़ी जानी चाहिए।”
हथियार थामे साथियों से सरेंडर की अपील.
वीडियो में भूपति ने संगठन के अन्य नक्सलियों से भी हिंसा छोड़ने और मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। उसने एक संपर्क नंबर 8856038533 भी जारी करने की बात कही, जिसके जरिए जो नक्सली हथियार छोड़ना चाहते हैं, वे सीधे संपर्क कर सकते हैं। भूपति ने कहा कि संगठन के भीतर अब वैचारिक संकट गहराता जा रहा है और अब यह समय आत्मचिंतन का है।