CHHATTISGARHछत्तीसगढ़

200 आत्मसमर्पित नक्सलियों को कृषि आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया गया

नारायणपुर। जिले में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को अब समाज की मुख्यधारा से जोडऩे हेतु जिला प्रशासन द्वारा पुनर्वास नीति के अंतर्गत आत्मसमर्पित नक्सलियों के लिए लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, केरलापाल के जरिए छत्तीसगढ़ आत्मसमर्पित नक्सलवादी/पीडि़त राहत एवं पुनर्वास नीति-2025 के अंतर्गत आज सोमवार को कौशल प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आत्मसमर्पित नक्सलियों को कृषि आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम में 200 से अधिक आत्मसमर्पित नक्सलियों ने सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा कृषि आधारित आजीविका एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी को गंभीरता से ग्रहण किया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिष्ठाता डॉ. रत्ना नशीने द्वारा खाद्य समूह एवं संतुलित आहार की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार में शरीर के लिए आवश्यक सभी पोषक तत्व उचित मात्रा में शामिल होते हैं, जिससे व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है। डॉ. सविता आदित्य ने लाख की खेती की जानकारी दी तथा इसके उत्पादन, उपयोग एवं आय के स्रोतों पर प्रकाश डाला। डॉ. नवीन मरकाम ने बताया कि खेती में बीज का विशेष महत्व होता है। उन्होंने बीज की गुणवत्ता, बीज उत्पादन की प्रक्रिया तथा उत्तम बीज का चयन एवं अर्जन किस प्रकार किया जाए, इस विषय में विस्तृत जानकारी दी।