CG- प्रेमी से मिलने होटल गई युवती फिर जिंदा नहीं लौटी, इस हाल में मिली लाश

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में होटल के कमरे में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवती से शादी करने से मुकरने, उसके साथ मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दोनों के बीच लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना इलाके का है। मृतका की पहचान पिंकी मानिकपुरी (22) के रूप में हुई है, जो कवर्धा जिले की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि पिंकी और धमतरी के गोकुलपुर वार्ड 36 में रहने वाले टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि टिकेश्वर ने उसे शादी का झांसा दिया था, लेकिन उसके अन्य लड़कियों के साथ भी संबंध थे।
पिंकी को जब इसकी भनक लगी तो वह 24 सितंबर को कवर्धा से धमतरी आई और होटल CG-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी। पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उससे मिलने होटल पहुंचा। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई, लेकिन आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। सिर्फ इनकार ही नहीं बल्कि गाली गलौज और हाथापाई तक की नौबत आई।
जांच में ये बात भी सामने आई कि आरोपी पहले भी पिंकी को मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करता था। इसी के चलते पिंकी ने 25 सितंबर को होटल के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मौत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर तफ्तीश शुरू की। सबूतों की बुनियाद पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 खुदकुशी के लिए उकसाने के तहत केस दर्ज किया।
अदालती रिमांड पर भेजा गया जेल
वहीं पुलिस ने आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालती रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में अभी तफ्तीश जारी है।