बीजापुर मुठभेड़ में 3 वर्दीधारी नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद।

बीजापुर। छत्तीसगढ़ बीजापुर जिले के इंद्रावती क्षेत्र में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा 210 और 202 की संयुक्त कार्रवाई में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान भीषण मुठभेड़ हुई।
इस मुठभेड़ में 3 वर्दीधारी नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षाबलों ने मौके से हथियारों के साथ भारी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद किए हैं। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त की जा रही है।
बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे इलाके में अब भी तलाशी अभियान जारी है। ऑपरेशन के समापन के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार चल रहे दबाव अभियान का हिस्सा है। सुरक्षाबलों की मुस्तैदी और रणनीति से एक बार फिर नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है।