बस्तर की आरवी अवस्थी ने स्वर्ण पदक जीतकर खोला छत्तीसगढ़ के पदकों का खाता।

जगदलपुर। 6वीं यूएमएआई राष्ट्रीय म्यू थाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ को पहली सफलता मिली है। बस्तर की आरवी अवस्थी ने सब जूनियर वर्ग में असम की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता के तीसरे दिन छत्तीसगढ़ को कुल 6 पदक (1 स्वर्ण, 5 रजत) मिले।
रायपुर की ऐशिनी वर्मा और नित्यम साहू, बस्तर की अन्वी जैन और वेदांशी ठाकुर, तथा बालोद की हिमानी डरसेना ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीते।

बहरीन में होने वाले एशियन यूथ गेम्स 2025 में “म्यू थाई” को आधिकारिक खेल के रूप में शामिल किए जाने की घोषणा के बाद खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में देशभर के 29 राज्यों के लगभग 1150 प्रतिभागी शामिल हैं, वहीं छत्तीसगढ़ का 60 सदस्यीय दल (51 खिलाड़ी, 9 अधिकारी) भाग ले रहा है।

छत्तीसगढ़ के अन्य खिलाड़ी क्वार्टर और सेमीफाइनल मुकाबलों में हैं, और आने वाले दिनों में पदकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।