बस्तर की व्यापारिक छवि बदलने को तत्पर स्थानीय एमएसएमई, “LEAN योजना” पर जोर।

जगदलपुर। बस्तर के औद्योगिक परिदृश्य को सकारात्मक दिशा देने और स्थानीय MSME (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) इकाइयों को प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल की गई। एनएमडीसी स्टील लिमिटेड (NSL) के कार्यकारी निदेशक और प्रमुख एम. एन. वी. एस. प्रभाकर ने आज होटल अविनाश, जगदलपुर में आयोजित समारोह में कहा कि “MSME इकाइयाँ बस्तर की आर्थिक और सामाजिक तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभा सकती हैं, बशर्ते वे बेहतरीन कारोबारी पद्धतियों को अपनाएं।”
इस कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद (NPC), NSL नगरनार और बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (BCCI) के संयुक्त सहयोग से किया गया, जिसमें 100 से अधिक स्थानीय उद्यमियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य MSME को “LEAN” (लागत-कटौती और दक्षता बढ़ाने वाली) प्रबंधन प्रणाली से परिचित कराना था, जिससे उत्पादन प्रक्रिया में सुधार, अनावश्यक खर्चों में कटौती और ग्राहकों के लिए बेहतर मूल्य निर्माण संभव हो सके।
एनएसएल के प्रमुख प्रभाकर ने कहा, “आज की पहल बस्तर में व्यापार के तौर-तरीकों में एक क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है।” उन्होंने MSME उद्यमियों से अपील की कि वे इस योजना का भरपूर लाभ उठाएं और NSL को गुणवत्ता सामग्री और सेवाएं प्रदान कर खुद को प्रतिस्पर्धी बनाएं।
NPC भुवनेश्वर के उप निदेशक रोशन कुजूर ने लीन मैनेजमेंट की मुख्य बातों पर प्रकाश डाला और बताया कि यह पहल MSME की दक्षता, उत्पादकता और लाभप्रदता को बढ़ाने की दिशा में विशेष रूप से केंद्रित है।
बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने इसे NSL और बस्तर चैंबर के बीच ऐतिहासिक साझेदारी करार देते हुए कहा, “यह आयोजन बस्तर के उद्योगों को श्रेष्ठ व्यावसायिक प्रथाओं से जोड़ने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।” कार्यक्रम में लीन योजना पर एक शॉर्ट ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति भी दिखाई गई और अंत में एक संवाद सत्र में उद्यमियों ने अपने प्रश्नों का समाधान विशेषज्ञों से प्राप्त किया।