
सुकमा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर द्वितीय वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) द्वारा सुकमा मुख्यालय सहित दुलेर, मुकराज कोंडा, मिनपा एवं रामाराम कैंपों में “योग दिवस” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कमांडेंट रतिकांत बेहरा ने किया।

इस अवसर पर कमांडेंट कमलेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, विवेक सक्सेना सहित अन्य अधिकारी, जवान, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण बच्चे उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योग अभ्यास में भाग लिया और योग के लाभों को समझते हुए इसे अपने जीवन में शामिल करने का संकल्प लिया।अपने प्रेरणादायी संबोधन में कमांडेंट रतिकांत बेहरा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है, जो हमारे देश के लिए गर्व की बात है। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल बल के जवानों को बल्कि आम नागरिकों को भी योग के प्रति जागरूक करना और एक स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था। द्वितीय वाहिनी, सीआरपीएफ द्वारा किया गया यह प्रयास क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं सामुदायिक सहभागिता की दिशा में एक सराहनीय कदम रहा।