
जगदलपुर। शहर की सबसे बड़ी सब्जी मंडी संजय मार्केट में बरगद पेड़ के नीचे वर्षों से स्थापित शिव मंदिर के चबूतरे के नीचे खुदाई के दौरान प्राचीन शिवलिंग मिलने से क्षेत्र में आस्था की लहर दौड़ गई। मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए शुरू किए गए कार्य के दौरान जब चबूतरा तोड़ा गया, तब करीब 3 फीट नीचे शिवलिंग प्रकट हुआ।
शिवलिंग के प्रकट होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचने लगे और पूजा-अर्चना शुरू कर दी। बरगद पेड़ के नीचे पहले से मौजूद छोटे मंदिर को पक्का और भव्य स्वरूप देने की वर्षों पुरानी मांग अब और तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान चमत्कारी रहा है। एक महिला श्रद्धालु ने बताया कि संतान प्राप्ति की मन्नत इसी स्थल पर मांगी थी और पूरा होने पर उन्होंने मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था।
हिंदू संगठनों और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान को संरक्षित करते हुए एक भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाए। साथ ही, लोग पुरातात्विक सर्वेक्षण कराकर शिवलिंग के ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि और सुरक्षा की भी मांग कर रहे हैं।