विक्षा वेक ने NEET परीक्षा में पाई सफलता, आस्था विद्या मंदिर जावंगा की छात्रा ने बढ़ाया जिले का मान

दंतेवाड़ा, 06 जुलाई 2025। गीदम विकासखंड के आस्था विद्या मंदिर, जावंगा की छात्रा विक्षा वेक ने NEET 2025 में 337 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। यह सफलता न केवल संस्था के लिए बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
नक्सल प्रभावित, अनाथ एवं आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित इस विद्यालय में विक्षा ने कठिन परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह मुकाम हासिल किया।
विक्षा का जन्म 11 जनवरी 2007 को ग्राम बड़े पनेड़ा (गीदम) में हुआ। उनके पिता श्री रामलाल वेक कृषक हैं और माता श्रीमती बत्ती वेक गृहिणी हैं। आस्था विद्यालय में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क पढ़ाई के दौरान उन्होंने विज्ञान विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. अम्बस्ता, जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप सिंह गौतम, एवं नोडल अधिकारी राजेन्द्र पाण्डेय ने विक्षा को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।