CHHATTISGARHITBTNarayanpur

आईटीबीपी 29वीं वाहिनी द्वारा पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, स्कूली बच्चों संग किया गया पौधारोपण।

 

सुरेश सोनी नारायणपुर। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 29वीं वाहिनी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नारायणपुर जिले के सीओबी क्षेत्र धनोरा में रविवार को एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कमांडेंट दुष्यंत राज जायसवाल एवं द्वितीय कमान दीपक सेमल्टी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, शिक्षकों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अभियान के तहत कन्या विद्यालय धनोरा परिसर में 100 फलदार और छायादार पौधों – जैसे आम, कटहल, अमरूद और आंवला  का रोपण किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को पौधों के संरक्षण, देखभाल और पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी दी गई। यह पहल ‘हरित भारत’ एवं ‘स्वच्छ भारत’ अभियान को गति देने के उद्देश्य से की गई। वृक्षारोपण के इस अवसर पर स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों के बीच पर्यावरण जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया।

कार्यक्रम में सहायक कमांडेंट  हेमराज सिंह, निरीक्षक संतोष कुमार झा, निरीक्षक राजकिशोर, थाना प्रभारी पीयूष कटियार सहित बड़ी संख्या में हिमवीर, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षा बलों और आमजन के बीच सौहार्द व संवाद की भावना को और प्रगाढ़ किया गया। यह आयोजन न केवल पर्यावरणीय संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम रहा, बल्कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के सामाजिक दायित्वों और मानवीय संवेदनाओं का भी सशक्त उदाहरण बना।