BASTARCHHATTISGARHNaxalSukma

नक्सलियों के शहीदी सप्ताह के बीच सुकमा में मुठभेड़, आईईडी ब्लास्ट में दो जवान घायल, कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर।

 

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में चल रहे नक्सलियों के तथाकथित शहीदी सप्ताह के बीच मंगलवार को एक बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है। जिले के घने जंगलों में डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है। जानकारी के मुताबिक, गश्त पर निकले जवानों को पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट की चपेट में ले लिया। इस विस्फोट में दो जवान घायल हो गए हैं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सुरक्षित स्थान पर लाया गया है।

सुबह से ही जंगलों में गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज रही है। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को घेर लिया है। सूत्रों के अनुसार, कई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। शहीदी सप्ताह के दौरान बड़ी साजिश रच रहे नक्सलियों के मंसूबों को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया है। फिलहाल मुठभेड़ जारी है और पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरी सतर्कता और रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। घायल जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।