BASTARCRPF

नेरली वैली के स्कूलों में सीआरपीएफ ने चलाया स्वच्छता अभियान।

दंतेवाड़ा। भारत सरकार के ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत 230 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा नेरली वैली क्षेत्र के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट राकेश कुमार ने किया।
अभियान के दौरान सीआरपीएफ जवानों ने विद्यालय परिसरों की साफ-सफाई की और विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी। जवानों ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ अपने घर, स्कूल और आसपास के वातावरण को साफ रखने के लिए प्रेरित किया।

प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के साथ सफाई करने के बाद उप कमांडेंट राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित की। इस दौरान बच्चों को चॉकलेट के रैपर खुले में नहीं फेंकने और उन्हें डस्टबिन में डालने की सीख दी गई।
इसके बाद माध्यमिक विद्यालय में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संवाद कर कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। अभियान में स्थानीय लोगों ने भी सहभागिता की। 230 बटालियन सीआरपीएफ के इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।