CHHATTISGARH

 

लकवा से ग्रसित बुजुर्ग महिला को दो महीने से घर पहुंच बैंकिंग सुविधा, पार्षद हेमंत कुमार पात्र की पहल

नारायणपुर। वार्ड क्रमांक 15 डूमरतराई में जनसेवा की एक पहल देखने को मिल रही है। वार्ड की निवासी शियाबती बेलसरिया, जो लकवा से ग्रसित हैं और पिछले कुछ समय से चलने-फिरने में असमर्थ हैं, उन्हें पिछले दो महीनों से घर पहुंच बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

वार्ड 15 के पार्षद हेमंत कुमार पात्र द्वारा शियाबती बेलसरिया के घर पहुंचकर बैंकिंग संबंधी आवश्यक कार्यों में सहयोग किया जा रहा है, ताकि उनकी शारीरिक स्थिति के कारण उन्हें बैंक जाने में परेशानी न हो।

पार्षद हेमंत कुमार पात्र ने कहा कि वार्ड के वृद्धजनों, दिव्यांगों और असहाय लोगों को बैंकिंग जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए वे आगे भी घर पहुंच सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सेवा और उनके घर तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी प्राथमिकता है।

वार्डवासियों के बीच इस पहल को बुजुर्गों और असहाय लोगों के लिए सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।