नक्सलगढ़ में सीआरपीएफ के पुलिस महानिरीक्षक ने किया सुरक्षा जायजा।

रायपुर। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (के.रि.पु.बल) के छत्तीसगढ़ सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक राकेश अग्रवाल (भा०पु०से०) ने किस्टाराम एक्सिस पर तैनात 212 बटालियन एवं 217 बटालियन के कैंपों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गैराराम पैडागुडेम, धर्मापेंटा, वेलकमगुडा, किस्टाराम एवं पालोडी कैंप का दौरा कर वहां तैनात जवानों को नक्सलियों द्वारा अपनाई जा रही नई रणनीतियों से अवगत कराया और उनसे निपटने के प्रभावी तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि के.रि.पु.बल देश के विभिन्न हिस्सों में काउंटर इंसर्जेंसी, चुनाव ड्यूटी, कानून एवं व्यवस्था की जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रही है। छत्तीसगढ़ में बीते तीन महीनों में के.रि.पु.बल ने नक्सल प्रभावित इलाकों में कई नए अग्रिम परिचालनिक कैंप स्थापित कर नक्सलियों को उन इलाकों से पीछे हटने के लिए मजबूर कर दिया है। इसके साथ ही, बल ने आंतरिक गांवों में स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत ग्रामीणों और बच्चों को आवश्यक सामग्री जैसे टेलीविजन, साड़ी, लूंगी, बर्तन, मच्छरदानी, रेडियो, सोलर लाइट, चप्पल, स्कूल ड्रेस और स्टेशनरी वितरित की गई, जिससे स्थानीय लोगों और के.रि.पु.बल के बीच संबंध और प्रगाढ़ हुए। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक छत्तीसगढ़ सेक्टर श्री एन.के. सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक परिचालनिक रेंज कोंटा सूरज पाल वर्मा, 212 बटालियन के कमांडेंट दीपक कुमार श्रीवास्तव, 217 बटालियन के कमांडेंट विजय शंकर, द्वितीय कमान अधिकारी गजेंद बहादुर सिंह, दिनेश कुमार (212 बटालियन), नीर सिंह मीणा (217 बटालियन), सहायक कमांडेंट निशांत सूद सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
