अबूझमाड़ में ममता की मिसाल: बच्चे को बचाने बाघ से भिड़ी मादा भालू, दिखा जंगल का असली संघर्ष।

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के जंगल की गोद में ममता की एक अनोखी और साहसी मिसाल देखने को मिली है। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में स्थित पागुड़ गांव के पास एक मादा भालू अपने बच्चे को बचाने के लिए सीधे बाघ से भिड़ गई। यह रोमांचक और भावुक कर देने वाला दृश्य ग्रामीणों के मोबाइल कैमरे में कैद हो गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। घटना पागुड़ में हाल ही में बनी नई सड़क के किनारे हुई, जब बाघ ने भालू के बच्चे को निशाना बनाने की कोशिश की। तभी मादा भालू बाघ के सामने दीवार बनकर खड़ी हो गई और दोनों के बीच जबरदस्त लड़ाई हुई। मादा भालू ने पूरी ताकत झोंक दी और अंततः बाघ को वहां से खदेड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मादा भालू का गुस्सा और साहस देख बाघ पीछे हट गया और जंगल की ओर भाग निकला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
जंगल का असली रूप:
यह घटना न सिर्फ जंगल के जीवों के बीच संघर्ष को दर्शाती है, बल्कि “मां आखिर मां होती है” – इस कहावत को भी चरितार्थ करती है। अपनी संतान की सुरक्षा के लिए एक मां किसी भी हद तक जा सकती है, चाहे सामने जंगल का सबसे खतरनाक शिकारी ही क्यों न हो।
वन विभाग को भी इस घटना की जानकारी दी गई है। अधिकारी वीडियो की जांच कर रहे हैं और क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने की बात कह रहे हैं।