
सुकमा। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के मार्गदर्शन में 226वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सुकमा (छत्तीसगढ़) द्वारा 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन मुख्यालय गीदम नाला में भव्य रूप से किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “Yoga for One Earth, One Health” रखी गई थी।
इस कार्यक्रम का संचालन द्वितीय कमान अधिकारी श्री रण विजय कुमार की देखरेख में किया गया। योग सत्र का प्रारंभ योग शिक्षक हविलदार/जीडी देसाई नवनाथ रामचंद्र द्वारा प्रार्थना के साथ किया गया। योग शिक्षक ने भारत सरकार द्वारा निर्धारित सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया, जिसमें ग्रीवा संचालन, संकद संचालन, कटि संचालन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ध्यान एवं अन्य शारीरिक लाभकारी क्रियाएं शामिल थीं। इस आयोजन में 226वीं वाहिनी के 117 कार्मिकों के साथ-साथ 70 से अधिक स्थानीय ग्रामीणों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर भी प्रार्थना की गई, जिससे आयोजन को पूर्ण आध्यात्मिकता और शांति के साथ संपन्न किया गया।
इस अवसर पर रण विजय कुमार ने उपस्थित अधिकारियों, जवानों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसे आज वैश्विक मान्यता प्राप्त है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक समग्र जीवनशैली है जो शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से हमें स्वस्थ बनाती है। साथ ही यह दिन हमें यह भी याद दिलाता है कि हम सभी एक पृथ्वी पर रहते हैं और हमें प्रकृति एवं एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए। कार्यक्रम में बिरेन्द्र कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी, परिचालन), अनुरंजन (उप कमांडेंट), सुरज मल (उप कमांडेंट), बालाकृष्ण जी (चिकित्सा अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।