CHHATTISGARH

बस्तर तिरंगा यात्रा 2026 का नारायणपुर से भव्य शुभारंभ 🔷 उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने स्वयं बाइक चलाकर जनता के साथ की तिरंगा यात्रा,

 

🔷 🇮🇳 बस्तर तिरंगा यात्रा 2026 का नारायणपुर से भव्य शुभारंभ

🔷 उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने स्वयं बाइक चलाकर जनता के साथ की तिरंगा यात्रा

🔷 समाज प्रमुख ने दिखाई हरी झंडी, नारायणपुर से कर्रेगुट्टा पहाड़ी तक गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश

देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, शौर्य एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज नारायणपुर से तीन दिवसीय ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 12 से 14 अगस्त तक आयोजित यह यात्रा नारायणपुर से प्रारंभ होकर दंतेवाड़ा, सुकमा एवं बीजापुर होते हुए करेगुट्टा पहाड़ी तक जाएगी।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर माननीय उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा तथा माननीय वन मंत्री श्री केदार कश्यप विशेष रूप से शामिल हुए। यात्रा को समाज प्रमुख द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर की खास बात यह रही कि उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने स्वयं बाइक चलाकर आम जनता, युवाओं एवं यात्रा में शामिल लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। दोनों मंत्रियों के आम नागरिकों के साथ बाइक पर यात्रा में शामिल होने से युवाओं एवं उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूप साय सलाम, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्र प्रसाद बघेल सहित जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही बस्तर आयुक्त, बस्तर पुलिस महानिरीक्षक , डीआईजी बीएसएफ , जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

🔷 तिरंगे के साथ निकली राष्ट्रभक्ति की यात्रा

नारायणपुर से प्रारंभ हुई तिरंगा बाइक यात्रा में बड़ी संख्या में युवा एवं आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रप्रेम के साथ निकली इस यात्रा ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

यात्रा के दौरान मुंजमेटा, झाराघाटी, धौड़ाई एवं कन्हारगांव में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीदों की स्मृति एवं सम्मान में उनके नाम से वृक्षारोपण भी किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शहीदों के बलिदान को नमन करने के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

शहीदों को श्रद्धांजलि एवं उनके नाम पर वृक्षारोपण के माध्यम से यात्रा ने ‘शहीदों को सम्मान और प्रकृति का संरक्षण’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

🔷 *नारायणपुर से कर्रेगुट्टा पहाड़ी तक तिरंगे का सफर*

‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ नारायणपुर से प्रारंभ होकर धौड़ाई, कन्हारगांव, कोड़ेनार, बोदली, सातधार, बारसूर एवं गीदम होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा कुआकोंडा, भूसारास घाटी, चिंतागुफा, सुकमा, एर्राबोर, मनीकोटा, दोरनापाल, पोलमपल्ली एवं कोंटा होते हुए बीजापुर पहुंचेगी।

यात्रा के अंतिम चरण में बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी एवं ताड़पल्ली होते हुए कर्रेगुट्टा पहाड़ी तक पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां तीन दिवसीय यात्रा का समापन होगा।

🔷 *‘हर हाथ में तिरंगा—हर दिल में हिंदुस्तान’*

बस्तर तिरंगा यात्रा केवल एक बाइक यात्रा नहीं, बल्कि देशभक्ति, एकता, शौर्य और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। तिरंगे के साथ आम जनता के बीच स्वयं बाइक चलाकर शामिल हुए दोनों मंत्रियों ने जनभागीदारी एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

नारायणपुर से शुरू हुई यह यात्रा बस्तर के विभिन्न अंचलों से गुजरते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि, युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रही है।

‘हर हाथ में तिरंगा—हर दिल में हिंदुस्तान’ के संकल्प के साथ शुरू हुई यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बस्तर की धरती पर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।