BASTARBhaktiCHHATTISGARHDantewadaNavratri

शारदीय नवरात्रि में मां दंतेश्वरी के दर्शन के नियम बदले, मोबाइल और रील्स पर सख्त प्रतिबंध।

कलेक्टर-एसपी की ने साझा प्रेस कांफ्रेंस करके दी जानकारी।

वीआईपी और वीवीआईपी दर्शन के लिए शुल्क, पदयात्रियों के लिए सुविधा केंद्र और वाहनों की पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था।

दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा में शारदीय नवरात्रि के अवसर परश क्ति पीठ मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन ले जाने, फोटो खींचने और रील्स बनाने पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, वीआईपी एवं वीवीआईपी दर्शन के लिए शुल्क आधारित व्यवस्था किए जाने की जानकारी सामने आई है। दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश ध्रुव एवं एसपी चंद्र मोहन सिंह के द्वारा पत्रकार वार्ता कर यह जानकारी दी गई। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए अलग दर्शन व्यवस्था रखी गई है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के उपयोग पर रोक के चलते मुख्य द्वार के सामने मोबाइल फोन रखने के लिए स्टैंड बनाया गया है। श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश करने से पहले अपने मोबाइल फोन निर्धारित स्थान पर रख सकेंगे। इसका उद्देश्य मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखना और दर्शन व्यवस्था को सुचारु करना है।

मोबाइल, पार्किंग और दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान।

इस बार नवरात्रि में मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन, फोटोग्राफी और रील्स बनाने पर प्रतिबंध, अलग-अलग पार्किंग स्थल, पदयात्रियों के लिए सुविधा केंद्र तथा सामान्य और वीआईपी दर्शन की पृथक व्यवस्था प्रमुख बदलावों में शामिल हैं। नवरात्रि के दौरान मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि सभी भक्त सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से माता के दर्शन कर सकें।

बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है। किरंदुल एवं बचेली से लौह अयस्क करने वाली ट्रको की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए बड़े और छोटे वाहनों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। इससे मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को अनावश्यक जाम और पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

पदयात्रियों के लिए बने सुविधा केंद्र।

मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पैदल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में अलग-अलग स्थानों पर सुविधा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से पदयात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया जा रहा है।