तिरंगे के रंग में रंगेगा दंतेवाड़ा, 12 अगस्त को निकलेगी भव्य बाइक रैली

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा होंगे शामिल, मालेवाही से शुरू होकर दंतेवाड़ा तक पहुंचेगी तिरंगा यात्रा ।
दंतेवाड़ा। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश लेकर दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में 12 अगस्त को भव्य “तिरंगा यात्रा बाइक रैली” निकाली जाएगी। भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल होंगे। बुधवार सुबह 10 बजे मालेवाही से तिरंगा यात्रा की शुरुआत होगी। सैकड़ों की संख्या में युवा और भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर मोटरसाइकिलों पर सवार होकर इस यात्रा में शामिल होंगे। रैली के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा इलाका गूंजेगा।
इन इलाकों से होकर गुजरेगी रैलीm
तिरंगा बाइक रैली मालेवाही से रवाना होकर सातधार, बारसूर, नागफनी, रोंजे, हारम, गीदम, दंतेवाड़ा, पुलिस लाइन कारली, चितालंका और आवराभाटा होते हुए दंतेवाड़ा स्थित सर्किट हाउस पहुंचेगी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रैली का स्वागत भी किया जाएगा। रैली में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता सहित पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
भाजपा नेताओं के मुताबिक तिरंगा यात्रा का उद्देश्य सिर्फ राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम, देश की एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना भी है। आयोजकों ने जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की अपील की है। दक्षिण बस्तर की धरती से निकलने वाली यह तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति और “राष्ट्र प्रथम” के संदेश के साथ दंतेवाड़ा में एकता और देशप्रेम का माहौल बनाएगी।