CHHATTISGARHDantewadaEducation

दंतेवाड़ा में व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने उठाई आवाज, 16 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर और डीईओ को सौंपा ज्ञापन।

प्रशिक्षकों के लंबित मानदेय समेत सेवा सुरक्षा, वेतन वृद्धि और विभागीय व्यवस्था की मांग।

 

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण देने वाले व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। व्यावसायिक प्रशिक्षक संघ के पदाधिकारियों और जिलेभर के प्रशिक्षकों ने 16 सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द निराकरण की मांग की। ज्ञापन सौंपने समस्त व्यावसायिक प्रशिक्षक दंतेवाड़ा स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रशिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और सरकार से मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

प्रदेश में 1,029 प्रशिक्षकों का मानदेय लंबित।

प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रदेश के करीब 1,285 शासकीय स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेड में रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बावजूद प्रशिक्षकों को मानदेय और सेवा से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संघ के अनुसार करीब 1,029 प्रशिक्षकों का मई-जून का मानदेय लंबित है। प्रशिक्षकों ने लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की। साथ ही PAB 2025-26 के अनुसार स्वीकृत 12 हजार रुपये एरियर्स के भुगतान की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

38,100 रुपये मानदेय और हर साल वेतन वृद्धि की मांग।

व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने हरियाणा और दिल्ली की तर्ज पर 38,100 रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित करने तथा प्रत्येक वर्ष मानदेय में वृद्धि का प्रावधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद वर्तमान मानदेय उनकी जिम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा तृतीय पक्ष कंपनी व्यवस्था समाप्त कर विभागीय व्यवस्था में शामिल करने, सेवा सुरक्षा, नियमित नियुक्ति, अवकाश की सुविधा और समय पर मानदेय भुगतान सहित अन्य मांगें भी रखी गई हैं।ज्ञापन में जिले समेत प्रदेश के 121 हेल्थ केयर ट्रेड प्रशिक्षकों का मानदेय बढ़ाकर 23 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग भी की गई है। प्रशिक्षकों ने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षकों की समस्याओं का स्थायी समाधान जरूरी है।

जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन।

व्यावसायिक प्रशिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नोमेश कुमार साहू के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान उपाध्यक्ष कु. प्राची सोनबेर, सचिव गायत्री बिसाई, कोषाध्यक्ष इंद्र कुमार सिन्हा, मीडिया प्रभारी कुलेश्वर साहू सहित जिले के बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रशिक्षक मौजूद रहे। अब प्रशिक्षकों की नजर सरकार और शिक्षा विभाग के अगले कदम पर है। प्रशिक्षकों ने उम्मीद जताई है कि उनकी 16 सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय लेकर लंबित मानदेय का भुगतान किया जाएगा और सेवा संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।